The Bare Truth

ब्रेकिंग : PM आवास पर आर-पार: डिप्टी सीएम बोले—हमने ढाई साल में खर्चे 16 हजार करोड़; भूपेश का पलटवार— हमने पास किए 7 लाख मकान...

15 Sep 2026  

ब्रेकिंग : PM आवास पर आर-पार: डिप्टी सीएम बोले—हमने ढाई साल में खर्चे 16 हजार करोड़; भूपेश का पलटवार— हमने पास किए 7 लाख मकान...

Share this post with:

रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित ऐतिहासिक ओपन डिबेट में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर डिप्टी सीएम विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीच तीखे आंकड़ों की जंग देखने को मिली। 

 

डिबेट की शुरुआत में डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने इसे एक स्वस्थ परंपरा बताते हुए कहा कि आमने-सामने की बहस से जनता के सामने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। शर्मा ने दावा किया कि केंद्र सरकार के आधिकारिक पोर्टल के अनुसार राज्य में अब तक 17 लाख 75 हजार आवास पूर्ण किए जा चुके हैं और वित्तीय वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ पूरे देश में सर्वाधिक पीएम आवास बनाने वाला राज्य बना है। 

 

उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके 5 साल के कार्यकाल में महज 3,900 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति से 3 लाख मकान ही पूरे हुए थे, जबकि मौजूदा भाजपा सरकार ने अपने ढाई साल के कार्यकाल में ही 16 हजार करोड़ रुपये खर्च कर निर्माण को रिकॉर्ड रफ्तार दी।


इस पर पलटवार करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने कार्यकाल के आंकड़ों का ब्योरा पेश किया। बघेल ने कहा कि वर्ष 2018 में 3 लाख 48 हजार 960 आवास स्वीकृत कर 1 लाख 39 हजार बनाए गए, वहीं 2020-21 में 1 लाख 97 हजार 811 के लक्ष्य के मुकाबले 1 लाख 22 हजार मकान पूर्ण किए गए। 

 

उन्होंने केंद्र पर असहयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना के दौरान जब किसी भी सरकार के पास पर्याप्त फंड नहीं था, तब 2022-23 में केंद्र सरकार ने अचानक पोर्टल बंद कर दिया; राज्य ने अपने हक के फंड के लिए केंद्र से बार-बार पत्राचार किया लेकिन राशि नहीं मिली।

 

भूपेश ने स्पष्ट किया कि 2011 की जनगणना के आधार पर शेष बचे 18 लाख आवासों में से 6 लाख 97 हजार आवासों की स्वीकृति उनकी सरकार ने दी थी। मंच पर दोनों नेताओं के बीच एक-दूसरे के दावों और आंकड़ों पर तीखी नोकझोंक और काउंटर वार का दौर लगातार चलता रहा।
 

Share this post with:

RELATED NEWS

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web